The Bonus Logo

Live: L&T का शुद्ध लाभ 14% बढ़कर 3,359 करोड़ रुपए, नए ठेकों से बढ़ा राजस्व

बोनस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Subhash Suman Updated Thu, 30 Jan 2025 06:55 PM IST
L&T का शुद्ध लाभ 14% बढ़कर 3,359 करोड़ रुपए, नए ठेकों से बढ़ा राजस्व
L&T का शुद्ध लाभ 14% बढ़कर 3,359 करोड़ रुपए, नए ठेकों से बढ़ा राजस्व- Photo : The Bonus

खास बातें

Sensex Nifty Live Blog: बाजार में कल अच्छी तेजी देखी गई थी. बुधवार को बाजार लगातार दूसरे दिन चढ़ने में कामयाब हुआ था. लेकिन आज घरेलू शेयर सूचकांकों पर दबाव दिख रहा है. टाटा मोटर्स का शेयर 9 फीसदी लुढ़का हुआ है.

लाइव अपडेट

06:52 PM, 30-Jan-2025
लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में का एकीकृत शुद्ध लाभ 14 प्रतिशत बढ़कर 3,359 करोड़ रुपए रहा. एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी ने 2,947 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ कमाया था. समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व 17 प्रतिशत बढ़कर 64,668 करोड़ रुपए हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 55,128 करोड़ रुपए था. 

कंपनी ने कहा कि आगामी ठेकों की मजबूत स्थिति और परियोजनाओं तथा विनिर्माण व्यवसायों में निष्पादन गति तेज होने के चलते राजस्व वृद्धि हुई.समीक्षाधीन तिमाही के दौरान एलएंडटी को समूह स्तर पर 1,16,036 करोड़ रुपए के अबतक के सबसे अधिक तिमाही ठेके मिले. यह आंकड़ा सालाना आधार पर 53 प्रतिशत अधिक है. 
05:10 PM, 30-Jan-2025
भारतीय रिजर्व बैंक ने एविओम इंडिया हाउसिंग फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया शुरू करने के लिए राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) की नई दिल्ली पीठ के समक्ष आवेदन दायर किया है. आरबीआई ने सोमवार को एविओम इंडिया हाउसिंग फाइनेंस के निदेशक मंडल को प्रशासनिक चिंताओं और विभिन्न भुगतान दायित्वों को पूरा करने में चूक के कारण भंग कर दिया था. 

रिजर्व बैंक ने पंजाब नेशनल बैंक के पूर्व मुख्य महाप्रबंधक राम कुमार को नयी दिल्ली स्थित कंपनी का प्रशासक नियुक्त किया है.केंद्रीय बैंक ने कहा कि एविओम इंडिया हाउसिंग फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) शुरू करने के लिए दिवाला और ऋण अक्षमता संहिता, 2016 के तहत आवेदन दायर किया गया है. 

एविओम के निदेशक मंडल को हटाते हुए आरबीआई ने कहा था कि यह कार्रवाई राष्ट्रीय आवास बैंक (एनएचबी) की सिफारिश के आधार पर की गई है. आरबीआई ने एक अलग बयान में कहा कि उसने प्रशासक को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में सहायता के लिए तीन सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन किया है. सलाहकार समिति के सदस्य- परितोष त्रिपाठी (पूर्व सीजीएम, भारतीय स्टेट बैंक), रजनीश शर्मा (पूर्व सीजीएम, बैंक ऑफ बड़ौदा) और संजय गुप्ता (पूर्व एमडी और सीईओ, पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस) हैं. 
04:35 PM, 30-Jan-2025
रियल एस्टेट और इंजीनियरिंग कारोबार में सक्रिय रेमंड लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 75 फीसद बढ़कर 72.28 करोड़ रुपए रहा.पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 41.35 करोड़ रुपए रहा था. चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में उसकी कुल आमदनी बढ़कर 985.35 करोड़ रुपए रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 726.91 करोड़ रुपए थी. 

रेमंड लिमिटेड में अब रियल एस्टेट और इंजीनियरिंग कारोबार शामिल हैं. इसमें लाइफस्टाइल कारोबार शामिल नहीं है, जिसे अलग करके एक अलग सूचीबद्ध इकाई रेमंड लाइफस्टाइल लिमिटेड में शामिल कर दिया गया है. रियल एस्टेट खंड में, कंपनी का बिक्री बुकिंग मूल्य दिसंबर तिमाही के दौरान 505 करोड़ रुपए रहा. 

04:24 PM, 30-Jan-2025
सार्वजनिक क्षेत्र की गैस कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही का शुद्ध लाभ 36 फीसद बढ़ा है. कंपनी ने बताया कि करार होने के बावजूद माल की आपूर्ति नहीं करने के लिए एक विदेशी एलएनजी आपूर्तिकर्ता से मिले मुआवजे के कारण उसे एकमुश्त लाभ हुआ है. भारत की सबसे बड़ी गैस परिवहन और विपणन कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 3,867.38 करोड़ रुपए का एकल शुद्ध लाभ दर्ज किया. एक साल पहले इसी अवधि में यह आंकड़ा 2,842.62 करोड़ रुपए था. 

दिसंबर 2024 तिमाही में गेल का परिचालन राजस्व 34,957.76 करोड़ रुपए पर लगभग स्थिर रहा. इस दौरान सभी तीन प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों - प्राकृतिक गैस और एलपीजी परिवहन सेवाएं, प्राकृतिक गैस विपणन और पेट्रोरसायन- ने पिछले साल के समान राजस्व की सूचना दी. गेल को रूसी ऊर्जा कंपनी गैजप्रोम की एक पूर्व इकाई से मुआवजे के रूप में 2,440.03 करोड़ रुपए की असाधारण आय हुई. कंपनी के निदेशक मंडल ने 6.50 रुपए प्रति इक्विटी शेयर का अंतरिम लाभांश की घोषणा की है. 
03:18 PM, 30-Jan-2025
अदानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन (एपीएसईजेड) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 14 फीसद बढ़कर 2,518.39 करोड़ रुपए हो गया.कंपनी ने बताया कि आमदनी बढ़ने से उसके मुनाफे में वृद्धि हुई है. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 2,208.21 करोड़ रुपए रहा था. 

एपीएसईजेड की कुल आमदनी चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में बढ़कर 8,186.90 करोड़ रुपए रही,जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 7,426.95 करोड़ रुपए थी.कंपनी का कुल खर्च दिसंबर तिमाही में बढ़कर 5,190.53 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,588.10 करोड़ रुपए था.कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के लिए अपने कर-पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) के अनुमान को बढ़ाकर 18,800-18,900 करोड़ रुपए कर दिया है. 
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों का हाल
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों का हाल- Photo : The Bonus
02:20 PM, 30-Jan-2025
बाजार में मामूली गिरावट देखने को मिली है, सेंसेक्स की  30 में से 13 कंपनियां  लाल निशान पर हैं 
01:03 PM, 30-Jan-2025
11:03 AM, 30-Jan-2025
प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गुरुवार को शुरुआती गिरावट के बाद तेजी लौटी. इस दौरान बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व में खरीदारी से बाजार को समर्थन मिला. स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में खरीदारी ने भी बाजार की धारणा को मजबूत किया.

शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 106.13 अंक गिरकर 76,426.83 पर आ गया था. एनएसई निफ्टी 23.9 अंक गिरकर 23,139.20 पर था. हालांकि, जल्द ही दोनों सूचकांकों ने इस गिरावट की भरपाई की और बढ़त के साथ कारोबार करने लगे. बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 1.35 फीसद और मिडकैप इंडेक्स 0.88 फीसद बढ़कर कारोबार कर रहा था. 
09:52 AM, 30-Jan-2025
09:49 AM, 30-Jan-2025

गिरावट से ऊपर उठा बाजार, अब भी बना है दबाव

बाजार पर दबाव बना हुआ है, लेकिन स्थानीय स्तर पर मिल रहे समर्थन से बाजार लाल निशान से उबरने में कामयाब रहा है. सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स करीब 50 अंक यानी 0.062 फीसदी की तेजी में 76,580 अंक पर कारोबार कर रहा था. इसी तरह निफ्टी 50 सूचकांक 44 अंक (0.19 फीसदी) की बढ़त लेकर 23,207 अंक पर कारोबार कर रहा था.
09:47 AM, 30-Jan-2025

वैश्विक बाजारों पर गिरावट का दबाव

अमेरिकी बाजार में बुधवार को गिरावट आई. वॉल स्ट्रीट पर डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.31 फीसदी, नास्डैक कंपोजिट 0.51 फीसदी और एसएंडपी500 0.47 फीसदी के नुकसान में रहे. अमेरिका में फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों को स्थिर रखने का निर्णय लिया है. फेडरल ओपन मार्केट कमिटी की बैठक के नतीजे सामने आने के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में गिरावट आई. एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला रुख दिख रहा है. जापान के निक्की 225 में 0.41 फीसदी और हांगकांग के हैंगसेंग में 0.14 फीसदी की तेजी दिख रही है. दूसरी ओर चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.06 फीसदी, दक्षिण कोरिया के कोस्पी 100 में 0.48 फीसदी की गिरावट है.
09:42 AM, 30-Jan-2025

5 फीसदी से ज्यादा चढ़ा बजाज फाइनेंस

शुरुआती कारोबार में निफ्टी50 पर 40 शेयर फायदे में हैं, जबकि 11 शेयरों में गिरावट है. बजाज फाइनेंस सबसे ज्यादा करीब 5 फीसदी की तेजी में खुला है. बजाज फिनसर्व, आईटीसी होटल्स, हिंडाल्को और बीईएल जैसे बड़े शेयरों में ढाई फीसदी तक की तेजी है.
09:37 AM, 30-Jan-2025

टाटा मोटर्स के शेयरों का हुआ बुरा हाल

टाटा समूह की वाहन कंपनी टाटा मोटर्स के शेयर आज खुलते ही औंधे मुंह गिर गए. शुरुआती कारोबार में यह करीब 9 फीसदी गिरा हुआ था. टाटा मोटर्स निफ्टी50 पर सबसे ज्यादा नुकसान में था. दिसंबर तिमाही में वित्तीय परिणाम खराब रहने के चलते इस शेयर में भारी गिरावट दिख रही है. इसके अलावा निफ्टी 50 इंडेक्स पर आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, टाइटन और इंफोसिस भी लाल निशान में थे.
09:33 AM, 30-Jan-2025

व्यापक बाजार से मिल रही है मदद

आज व्यापक बाजार में तेजी बरकरार दिख रही है. इससे प्रमुख सूचकांकों को भी समर्थन मिल रहा है. सुबह 9:35 बजे निफ्टी मिडकैप50 में 0.48 फीसदी, निफ्टी मिडकैप 100 में 0.39 फीसदी, निफ्टी स्मॉलकैप 50 में 0.36 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.37 फीसदी की अच्छी तेजी दिख रही है. दूसरी ओर बैंक, वाहन और आईटी शेयरों में गिरावट दिख रही है. शुरुआती सेशन में निफ्टी बैंक 0.03 फीसदी, निफ्टी आईटी 0.15 फीसदी और निफ्टी ऑटो 0.96 फीसदी लुढ़का हुआ है. निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 0.28 फीसदी के हल्के फायदे में है. निफ्टी एफएमसीजी में 0.36 फीसदी की तेजी है.
09:14 AM, 30-Jan-2025
घरेलू शेयर बाजार की दो दिनों की तेजी पर आज गुरुवार को कारोबार शुरू होते ही विराम लग गया. अमेरिका में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती का क्रम बंद करने के बाद दुनिया भर के बाजारों पर दबाव दिख रहा है. इसके चलते भारतीय बाजार भी आज सप्ताह के चौथे दिन के शुरुआती सत्र में संघर्ष करते दिख रहे हैं.

सेंसेक्स और निफ्टी ने की ऐसी शुरुआत

बीएसई सेंसेक्स ने सुबह कारोबार की शुरुआत करीब 65 अंक की मामूली तेजी के साथ 76,598.84 अंक पर की और कुछ पल के लिए 76,600 अंक के पार भी निकला, लेकिन चंद मिनटों में ही बाजार पर दबाव साफ हो गया और सेंसेक्स लाल निशान में गिर गया. सुबह 9 बजकर 25 मिनट पर सेंसेक्स लगभग स्थितर 76,530 अंक के पास कारोबार कर रहा था. इससे पहले सेंसेक्स एक समय 100 अंक से ज्यादा नीचे 76,426 अंक तक गिरा था. निफ्टी50 सूचकांक ने 23,169.50 अंक पर कारोबार की लगभग स्थिर शुरुआत की. सुबह 9 बजकर 25 मिनट पर यह सूचकांक 26,190 अंक के पास कारोबार कर रहा था.

दो दिनों से बाजार में आ रही थी तेजी

इससे पहले बाजार में लगातार दो दिनों से रिकवरी देखी जा रही थी. एक दिन पहले बुधवार को सेंसेक्स में 631.55 अंक (0.83 फीसदी) की तेजी आई थी और यह सूचकांक 76,532.96 अंक पर बंद हुआ था. वहीं मंगलवार को सेंसेक्स 535.23 अंक (0.71 फीसदी) की तेजी में 75,901.41 अंक पर बंद हुआ था. निफ्टी बुधवार को 205.85 अंक (0.90 फीसदी) चढ़कर 23,163.10 अंक पर और मंगलवार को 128.10 अंक (0.56 फीसदी) की तेजी में 22,957.25 अंक पर रहा था.