The Bonus Logo

अच्छी शुरुआत के बाद हावी हुआ दबाव, 90 अंक लुढ़का Sensex, Nifty को भी नुकसान

बोनस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Subhash Suman Updated Wed, 12 Mar 2025 09:41 AM IST
बाजार ने की तेजी में शुरुआत
बाजार ने की तेजी में शुरुआत- Photo : The Bonus

खास बातें

Sensex Nifty Live Blog: घरेलू बाजार ने इस सप्ताह की शुरुआत गिरावट के साथ की. कल दूसरे दिन भी बाजार पर दबाव बना रहा. हालांकि बाद में रिकवरी देखी गई...

लाइव अपडेट

09:41 AM, 12-Mar-2025
09:37 AM, 12-Mar-2025

चंद मिनटों में इतना गिर गया बाजार

बाजार ने कुछ ही देर में शुरुआती तेजी खो दी और लाल निशान में गिर गया. सुबह 9 बजकर 35 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स 90 अंक लुढ़ककर 74,013 अंक पर कारोबार कर रहा था. वहीं एनएसई निफ्टी 32 अंक लुढ़का हुआ था और 22,465 अंक के पास कारोबार कर रहा था.
09:35 AM, 12-Mar-2025

आईटी और फार्मा शेयर लुढ़के

व्यापक बाजार में आज मिला-जुला रुख दिख रहा है. सुबह 9:30 बजे निफ्टी मिडकैप50 में 0.20 फीसदी की और निफ्टी मिडकैप 100 में 0.03 फीसदी की हल्की गिरावट दिख रही है. वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 50 में 0.30 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.29 फीसदी की हल्की तेजी दिख रही है. शुरुआती सेशन में निफ्टी बैंक 0.49 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 0.48 फीसदी और निफ्टी ऑटो 0.24 फीसदी चढ़ा हुआ है. निफ्टी एफएमसीजी 0.40 फीसदी, निफ्टी आईटी 2.40 फीसदी, निफ्टी फार्मा 0.25 फीसदी और निफ्टी मीडिया 0.02 फीसदी गिरा हुआ है.
09:31 AM, 12-Mar-2025

आईटी शेयरों में खुलते ही बड़ी गिरावट

शुरुआती कारोबार में निफ्टी50 पर 23 शेयर चढ़े हुए हैं, जबकि 27 शेयरों में गिरावट दिख रही है. बड़े शेयरों में सबसे ज्यादा 2.48 फीसदी के फायदे में टाटा मोटर्स है. एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, पावरग्रिड कॉरपोरेशन और बीपीसीएल जैसे शेयर एक से डेढ़ फीसदी के फायदे में हैं. दूसरी ओर नामी आईटी शेयरों में गिरावट दिख रही है. निफ्टी पर सबसे ज्यादा नुकसान में इंफोसिस है, जो 3.50 फीसदी गिरा हुआ है. विप्रो ढाई फीसदी, टीसीएस 1.51 फीसदी, एचसीएल टेक 1.43 फीसदी और टेक महिंद्रा 0.95 फीसदी के नुकसान में है.
09:27 AM, 12-Mar-2025

एशियाई बाजारों पर भी दबाव

अमेरिकी बाजार की गिरावट का असर वैश्विक स्तर पर देखा जा रहा है और एशियाई बाजार भी इससे अछूते नहीं रहे हैं. आज सुबह के शुरुआती कारोबार में जापान का निक्की 225 इंडेक्स 0.28% की हल्की बढ़त के साथ अपवाद रहा, लेकिन दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.16% की गिरावट में कारोबार कर रहा है. हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट भी सुबह नुकसान के साथ खुलने के संकेत दे रहा था.
09:26 AM, 12-Mar-2025

अमेरिकी बाजारों में कल भी आई तेज गिरावट

अमेरिकी शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ट्रंप सरकार द्वारा लगाए गए नए टैरिफ और इसके जवाब में कनाडा की ओर से की गई कार्रवाई ने व्यापार तनाव को और बढ़ा दिया है. मंगलवार को वॉल स्ट्रीट पर डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 478.23 अंक (1.14%) की गिरावट के साथ 41,433.48 अंक पर बंद हुआ. इसी तरह, एसएंडपी 500 में 42.49 अंक (0.76%) की कमी आई, जबकि टेक-फोकस्ड नास्डैक इंडेक्स 32.23 अंक (0.18%) नीचे रहा. गौरतलब है कि सोमवार को नास्डैक में 4% की भारी गिरावट देखी गई थी. बाजार के जानकारों का कहना है कि ट्रंप के नए टैरिफ के ऐलान और अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर मंदी के बढ़ते खतरे ने निवेशकों का भरोसा डगमगा दिया है, जिसके चलते बिकवाली का दबाव बढ़ा है.
09:23 AM, 12-Mar-2025

कल गिरने के बाद आई थी रिकवरी

घरेलू शेयर बाजार के लिए यह सप्ताह चुनौतीपूर्ण रहा है, जिसमें लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. सप्ताह के पहले दिन सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 217.41 अंक (0.29%) की गिरावट के साथ 74,115.17 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 92.20 अंक (0.41%) नीचे 22,460.30 अंक पर रहा. मंगलवार को बाजार में मामूली सुधार देखा गया, जहां सेंसेक्स 12.85 अंक (0.017%) की छोटी गिरावट के साथ 74,102.32 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान सेंसेक्स 73,663 अंक तक फिसला था, लेकिन अंत में संभल गया. दूसरी ओर, निफ्टी 37.60 अंक (0.17%) की बढ़त के साथ 22,497.90 अंक पर बंद हुआ. इससे पहले पिछले सप्ताह बाजार में अच्छी तेजी देखी गई थी, जिसमें सेंसेक्स 1,370.27 अंक (1.88%) और निफ्टी 379.30 अंक (1.71%) की मजबूती के साथ बंद हुआ था. विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक संकेतों के बावजूद घरेलू बाजार में रिकवरी के संकेत दिख रहे हैं, लेकिन सतर्कता बरतना जरूरी है.
09:15 AM, 12-Mar-2025
वैश्विक बाजारों में उथल-पुथल और व्यापार युद्ध के बढ़े तनावों के बावजूद आज बुधवार को घरेलू बाजार ने कारोबार की ठीक शुरुआत की. सप्ताह के तीसरे दिन बीएसई सेंसेक्स 168.49 अंक की तेजी में 74,270.81 अंक पर खुला. वहीं निफ्टी ने 38.45 अंक ऊपर 22,536.35 अंक पर शुरुआत की. आज बाजार पर वैश्विक दबाव दिख सकता है. दूसरी ओर घरेलू स्तर पर आ रही खरीदारी से बाजार को समर्थन मिलने की उम्मीद है.

शुरुआती कारोबार में ऐसा रहा शेयर बाजार

गिफ्ट निफ्टी के शुरुआती रुझानों से संकेत मिल रहे थे कि निफ्टी50 की शुरुआत दबाव में हो सकती है. यह सुबह 14 अंक की गिरावट के साथ 22,550 अंक के पास कारोबार कर रहा था. हालांकि प्री-ओपन सेशन में आज अच्छी शुरुआत के संकेत मिल रहे थे. सेंसेक्स करीब 170 अंक की तेजी में 74,270 अंक के पास कारोबार शुरू करने के संकेत दे रहा था, जबकि निफ्टी लगभग 40 अंक के फायदे में 22,535 अंक के पास खुलने के संकेत दे रहा था. सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर सेंसेक्स 177 अंक की तेजी में 74,280 अंक पर कारोबार कर रहा था. शुरुआती चंद मिनटों में एक समय सेंसेक्स करीब 215 अंक तक ऊपर गया. वहीं निफ्टी 50 सूचकांक 43 अंक ऊपर 22,540 अंक के पास कारोबार कर रहा था.