The Bonus Logo

10 दिन बाद बाजार में बहार, सेंसेक्स ने लगाई 740 अंक की छलांग, निवेशकों को हुआ 8 लाख करोड़ का फायदा

Subhash Suman
बोनस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली|BySubhash Suman
वैश्विक दबाव के बीच अच्छी शुरुआत
वैश्विक दबाव के बीच अच्छी शुरुआत- Photo : The Bonus

खास बातें

Sensex Nifty Live Blog: वैश्विक बाजारों पर व्यापार युद्ध के बढ़े तनाव का साफ असर दिख रहा है. इसके चलते आज भारतीय बाजार पर भी दबाव कायम रह सकता है...

लाइव अपडेट

05:45 PM, 05-Mar-2025
स्थानीय शेयर बाजार में बुधवार को जोरदार तेजी आई और दोनों मानक सूचकांकों ने लंबी छलांग लगाई.निचले स्तर पर बिजली और अन्य शेयरों में लिवाली से बाजार में रौनक लौटी.
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 740.30 अंक यानी 1.01 फीसद चढ़कर 73,730.23 अंक पर बंद हुआ.  कारोबार के दौरान एक समय यह 943.87 अंक तक चढ़ गया था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 254.65 अंक यानी 1.15 फीसद की बढ़त के साथ 22,337.30 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान यह 312.25 अंक तक चढ़ गया था.
बीएसई समॉलकैप इंडेक्स 2.80 फीसद चढ़ा जबकि बीएसई मिडकैप इंडेक्स 2.66 फीसद के लाभ में रहा. बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 7,97,247.7 करोड़ रुपए बढ़कर 3,93,04,041.75 करोड़ रुपए पहुंच गया.
09:38 AM, 05-Mar-2025
09:37 AM, 05-Mar-2025

व्यापक बाजार में भी लौटी हरियाली

व्यापक बाजार में आज हरियाली दिख रही है. सुबह 9:30 बजे निफ्टी मिडकैप50 में 1.15 फीसदी और निफ्टी मिडकैप 100 में 1.14 फीसदी की तेजी दिख रही है, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 50 में 1.20 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 1.28 फीसदी की तेजी दिख रही है. शुरुआती सेशन में निफ्टी बैंक 0.57 फीसदी चढ़ा हुआ है, जबकि निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 0.13 फीसदी के नुकसान में है. निफ्टी एफएमसीजी 0.65 फीसदी और निफ्टी मेटल 1.10 फीसदी चढ़ा हुआ है. निफ्टी ऑटो 1.35 फीसदी और निफ्टी आईटी 2.26 फीसदी की शानदार तेजी में है. निफ्टी मीडिया 0.99 फीसदी, निफ्टी फार्मा 0.19 फीसदी, निफ्टी रियल्टी 1.29 फीसदी और निफ्टी ऑयल एंड गैस 1.35 फीसदी के फायदे में है.
09:33 AM, 05-Mar-2025

ज्यादातर बड़े शेयरों में दिख रही है तेजी

शुरुआती कारोबार में निफ्टी50 पर 31 शेयर चढ़े हुए हैं, जबकि 19 शेयरों में गिरावट दिख रही है. बड़े शेयरों में सबसे ज्यादा फायदे में महिंद्रा एंड महिंद्रा है, जिसमें 1.79 फीसदी की तेजी आई है. पावरग्रिड कॉरपोरेशन का शेयर 1.63 फीसदी चढ़ा हुआ है. एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक और अडानी एंटरप्राइजेज में भी तेजी दिख रही है. दूसरी ओर बजाज फाइनेंस 2 फीसदी से ज्यादा लुढ़का हुआ है. नेस्ले इंडिया, एलएंडटी, बजाज फिनसर्व और एचडीएफसी लाइफ जैसे शेयरों में भी गिरावट है.
09:30 AM, 05-Mar-2025

घरेलू निवेशक संभाल रहे हैं बाजार

हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) का मजबूत समर्थन बाजार को संभालने में सहायता कर रहा है. मंगलवार को DII ने 1,727 करोड़ रुपए की खरीदारी की, जबकि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FII) ने 556 करोड़ रुपये की बिकवाली की. घरेलू निवेशकों की यह सक्रियता बाजार को कुछ हद तक स्थिरता प्रदान कर रही है.
09:29 AM, 05-Mar-2025

वैश्विक स्तर पर व्यापार युद्ध का बढ़ा तनाव

अमेरिका और अन्य देशों के बीच बढ़ता व्यापार तनाव निवेशकों के बीच अनिश्चितता का कारण बन रहा है. इससे भारतीय कंपनियों, खासकर निर्यात-आयात पर निर्भर क्षेत्रों पर दबाव बढ़ने की आशंका है. अमेरिका ने 4 मार्च से कनाडा और मेक्सिको पर 25-25 फीसदी का टैरिफ लागू कर दिया है। साथ ही, चीन पर 10 फीसदी अतिरिक्त शुल्क भी लगाया गया है. अमेरिका के इस कदम के जवाब में प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं. चीन ने पहले ही अमेरिकी सामानों पर शुल्क बढ़ा दिया है, और अब कनाडा ने भी अमेरिकी आयात पर 25 फीसदी टैरिफ लगा दिया है. इससे वैश्विक व्यापार युद्ध का खतरा और गहरा गया है. इसके अलावा, डॉलर इंडेक्स के 107 के स्तर पर पहुंचने से भारतीय रुपये पर दबाव बढ़ गया है, जो शेयर बाजार को प्रभावित कर सकता है.
09:28 AM, 05-Mar-2025

वैश्विक बाजारों पर बना हुआ है दबाव

मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. वॉल स्ट्रीट पर डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 670.25 अंकों (1.55 फीसदी) की गिरावट के साथ 42,520.99 पर बंद हुआ, जबकि एसएंडपी 500 में 71.57 अंकों (1.22 फीसदी) की कमी देखी गई. टेक-केंद्रित नास्डैक कंपोजिट इंडेक्स 65.03 अंकों (0.35 फीसदी) नीचे 18,285.16 अंकों पर बंद हुआ. यह बिकवाली मुख्य रूप से वैश्विक व्यापार तनाव बढ़ने की वजह से हुई, जिसका प्रभाव भारतीय बाजार पर भी पड़ सकता है. बुधवार को एशियाई बाजारों में मिश्रित रुझान दिख रहा है. जापान का निक्की 225 0.16 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.09 फीसदी ऊपर है. हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक तेजी के साथ खुला है.
09:27 AM, 05-Mar-2025

इस साल अब तक आई इतनी गिरावट

इस साल अब तक भारतीय बाजार में 7 फीसदी से ज्यादा की कमी आई है. सेंसेक्स इस साल अब तक 5,502 अंक (7.01 फीसदी) नीचे आ चुका है, जबकि निफ्टी में 1,670 अंक (7.03 फीसदी) की गिरावट दर्ज की गई है. बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी50 पिछले पांच महीनों से लगातार गिरावट की चपेट में हैं. सेंसेक्स सितंबर 2024 के अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से 15 फीसदी तक नीचे खिसक चुका है. अभी निफ्टी में जो लगातार 10 दिनों की गिरावट आई है, यह इसके इतिहास की सबसे लंबी लगातार गिरावट है.
09:27 AM, 05-Mar-2025

लगातार 10 दिन गिरा निफ्टी50 सूचकांक

सप्ताह के पहले दिन सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 112.16 अंक (0.15 फीसदी) की गिरावट के साथ 73,085.94 अंक पर बंद हुआ था. यह जून 2024 के बाद पहली बार है, जब सेंसेक्स 73 हजार अंक तक लुढ़का है. इसी तरह, निफ्टी 5.40 अंक की मामूली गिरावट के साथ 22,119.30 अंक पर बंद हुआ था. कल मंगलवार को निफ्टी50 सूचकांक में 36.65 अंकों (0.17 फीसदी) की गिरावट देखी गई और यह 22,082.65 अंकों पर बंद हुआ था. वहीं, सेंसेक्स 96.01 अंकों (0.13 फीसदी) की कमी के साथ 72,989.93 अंकों पर रहा था. निफ्टी50 लगातार 10 दिन लाल निशान में बंद हुआ है, जबकि सेंसेक्स पिछले साल जून के बाद पहली बार 83 हजार अंकों से नीचे खिसक गया है.
09:19 AM, 05-Mar-2025
घरेलू शेयर बाजार लगातार कई दिनों से चली आ रही गिरावट पर आज ब्रेक लगाने में कामयाब होता दिख रहा है. दोनों प्रमुख सूचकांकों बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी ने आज बुधवार को कारोबार की शुरुआत हरे निशान में की है. बाजार को संभवत: निचले स्तर पर खरीदारी आने से मदद मिल रही है. हालांकि वैश्विक स्तर पर व्यापार युद्ध के बढ़े तनाव से चिंताएं बरकरार हैं.

खुलते ही इतना लुढ़के सेंसेक्स और निफ्टी

आज सुबह गिफ्ट निफ्टी में गिरावट के संकेत दिखाई दे रहे थे. सुबह निफ्टी का वायदा लगभग 64 अंकों की गिरावट में 22,127 अंकों के स्तर पर कारोबार कर रहा था. प्री-ओपन सेशन में आज भी दबाव बने रहने के संकेत मिल रहे थे. सेंसेक्स मामूली 15 अंक ऊपर 73,005 अंक के पास कारोबार शुरू करने के संकेत दे रहा था, जबकि निफ्टी लगभग 10 अंक के घाटे में 22,070 अंक के पास खुलने के संकेत दे रहा था. बीएसई सेंसेक्स ने सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर कारोबार की शुरुआत करीब 16 अंक की मामूली तेजी में 73 हजार अंक के पार की. सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर सेंसेक्स 232 अंक ऊपर 73,222 अंक के पास कारोबार कर रहा था. निफ्टी50 सूचकांक ने करीब 10 अंक की गिरावट के साथ 22,073.05 अंक पर कारोबार की शुरुआत की. सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर यह सूचकांक 75 अंक मजबूत होकर 22,157 अंक के पास कारोबार कर रहा था.