The Bonus Logo

Paytm ने नहीं दी RBI को जरूरी जानकारी, अब भरना होगा 611 करोड़ रुपए का जुर्माना

Subhash Suman
बोनस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली|BySubhash Suman
Live Paytm ने नहीं दी RBI को जरूरी जानकारी, अब भरना होगा 611 करोड़ रुपए का जुर्माना
Live Paytm ने नहीं दी RBI को जरूरी जानकारी, अब भरना होगा 611 करोड़ रुपए का जुर्माना- Photo : Paytm

खास बातें

Sensex Nifty Live Blog: तीसरी तिमाही के जीडीपी आंकड़े शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद जारी हुए थे. आधिकारिक आंकड़ों में अर्थव्यवस्था में सुधार के संकेत मिले हैं...

लाइव अपडेट

05:24 PM, 03-Mar-2025
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को कहा कि उसने विभिन्न मामलों में फेमा के नियमों के ‘उल्लंघन’ के लिए पेटीएम की मूल कंपनी और उससे जुड़ी इकाइयों को 611 करोड़ रुपए का कारण बताओ नोटिस जारी किया है. यह नोटिस न्यायिक कार्यवाही शुरू होने से पहले जांच एजेंसी के एक विशेष निदेशक ने जारी किया है. 

प्रवर्तन निदेशालय ने बयान में कहा कि विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के प्रावधानों के लगभग 611 करोड़ रुपये के उल्लंघन के लिए पेटीएम की प्रमुख कंपनी वन 97 कम्युनिकेशन लि. (ओसीएल), इसके प्रबंध निदेशक और लिटिल इंटरनेट प्राइवेट लि. और नियरबाय इंडिया प्राइवेट लि. जैसी पेटीएम की अन्य अनुषंगी कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. 

जांच में पाया गया कि वन 97 कम्युनिकेशन लि. ने सिंगापुर में विदेशी निवेश किया और अनुषंगी की वैश्विक अनुषंगी के गठन के बारे में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को आवश्यक सूचना नहीं दी. इसमें आरोप लगाया गया कि वन 97 कम्युनिकेशन ने आरबीआई के निर्धारित उचित मूल्य निर्धारण दिशानिर्देशों का ‘पालन किए बिना’ विदेशी निवेशकों से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) भी प्राप्त किया था. 

अन्य अनुषंगी कंपनी... नियरबाय इंडिया प्राइवेट लि. ने आरबीआई की समयसीमा के भीतर कंपनी द्वारा प्राप्त एफडीआई के बारे में जानकारी नहीं दी. पेटीएम ने पिछले शनिवार शेयर बाजार को दी सूचना में कहा था कि उसे कंपनी और उसकी दो अनुषंगी कंपनियों... लिटिल इंटरनेट और नियरबाय... के कुछ निवेश लेनदेन के संबंध में फेमा नियमों के कथित उल्लंघन के लिए ईडी से नोटिस मिला है.  बाद में, पेटीएम ने स्पष्ट किया कि कथित उल्लंघन उस अवधि से संबंधित है जब दोनों कंपनियां उसकी अनुषंगी कंपनियां नहीं थीं. इसने 2017 में दोनों कंपनियों का अधिग्रहण किया था. 
05:22 PM, 03-Mar-2025
भारत की बिजली खपत फरवरी में मामूली रूप से बढ़कर 131.54 अरब यूनिट (बीयू) हो गई. सरकारी आंकड़ों के अनुसार एक साल पहले इसी अवधि में खपत 127.34 अरब यूनिट थी. दोनों आंकड़ों की हालांकि तुलना नहीं हो सकती, क्योंकि फरवरी, 2024 में 29 दिन थे. 

पिछले महीने किसी एक दिन में सबसे अधिक बिजली आपूर्ति (चरम मांग) 238.14 गीगावाट थी, जो फरवरी, 2025 में 222 गीगावाट थी. मई, 2024 में चरम बिजली मांग लगभग 250 गीगावाट के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गई थी. सरकारी अनुमानों के मुताबिक, गर्मियों में चरम बिजली मांग 270 गीगावाट तक पहुंचने की उम्मीद है. 

विशेषज्ञों का मानना है कि मार्च में बिजली की मांग और खपत बढ़ेगी। मार्च के सामान्य से अधिक गर्म रहने का अनुमान है और ऐसे में पंखे, कूलर और एयर कंडीशनर का इस्तेमाल अधिक होगा. 
05:20 PM, 03-Mar-2025
बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले सोमवार को 3.17 लाख करोड़ रुपए का अपना अंतिम बजट पेश किया. उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्रालय के प्रभारी सम्राट चौधरी ने राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश करते हुए दावा किया कि “वर्षों की अराजकता” के बाद बिहार को विकास के पथ पर लाने के लिए पिछले लगभग दो दशकों से नीतीश सरकार ने सफलतापूर्वक प्रयास किया है. 
09:52 AM, 03-Mar-2025
09:44 AM, 03-Mar-2025
09:43 AM, 03-Mar-2025

पटरी पर लौटी घरेलू अर्थव्यवस्था

पिछले सप्ताह के अंतिम दिन तीसरी तिमाही के जीडीपी आंकड़े जारी हुए. एनएसओ द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में घरेलू अर्थव्यवस्था ने 6.2 फीसदी की तेजी दर्ज की. पूरे वित्त वर्ष में जीडीपी वृद्धि दर 6.5 फीसदी रहने का अनुमान है. इससे पहले दूसरी तिमाही के दौरान ग्रोथ रेट कम होकर सात तिमाहियों के निचले स्तर पर आ गई थी. इससे माना जा रहा है कि घरेलू अर्थव्यवस्था नरमी के असर से उबरने लगी है और वापस पटरी पर लौट गई है. शुक्रवार को जीडीपी के आंकड़े जारी होने से पहले ही शेयर बाजार में कारोबार बंद हो गया था.
09:37 AM, 03-Mar-2025
वैश्विक बाजार से भी मिल रहा है सपोर्ट
घरेलू बाजार को आज वैश्विक बाजार से भी मदद मिल रही है. बीते सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को वॉल स्ट्रीट पर डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में , 1.39 फीसदी, टेक फोकस्ड नास्डैक कंपोजिट इंडेक्स में 1.63 फीसदी और एसएंडपी 500 में 1.59 फीसदी की अच्छी तेजी आई. आज ज्यादातर प्रमुख एशियाई बाजारों में तेजी है. जापान के निक्की 225 में 1.30 फीसदी, हांगकांग के हैंगसेंग में 1.19 फीसदी, फिलीपींस के पीएसईआई में 0.98 फीसदी और चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.34 फीसदी की तेजी दिख रही है.
09:32 AM, 03-Mar-2025

व्यापक बाजार पर गिरावट का बना है दबाव

व्यापक बाजार में आज भी बिकवाली का दबाव दिख रहा है. सुबह 9:30 बजे निफ्टी मिडकैप50 में 0.67 फीसदी और निफ्टी मिडकैप 100 में 0.93 फीसदी की गिरावट दिख रही है, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 50 में 0.89 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 1.11 फीसदी की तेज गिरावट दिख रही है. शुरुआती सेशन में निफ्टी बैंक 0.32 फीसदी गिरा हुआ है, जबकि निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 0.01 फीसदी की बढ़त के साथ लगभग स्थिर है. निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी मेटल भी फ्लैट हैं. निफ्टी ऑटो 0.71 फीसदी और निफ्टी आईटी 0.99 फीसदी की तेजी में है. निफ्टी मीडिया 0.81 फीसदी, निफ्टी फार्मा 0.47 फीसदी, निफ्टी रियल्टी 0.21 फीसदी और निफ्टी ऑयल एंड गैस 1.01 फीसदी के नुकसान में है.
09:32 AM, 03-Mar-2025

आधे से ज्यादा शेयरों में दिख रही हरियाली

शुरुआती कारोबार में निफ्टी50 पर 27 शेयर चढ़े हुए हैं, जबकि 22 शेयरों में गिरावट दिख रही है. बड़े शेयरों में सबसे ज्यादा फायदे में अल्ट्राटेक सीमेंट है, जो करीब 2.50 फीसदी चढ़ा हुआ है. महिंद्रा एंड महिंद्रा और आयशर मोटर्स के शेयरों में भी 2-2 फीसदी से ज्यादा की तेजी दिख रही है. ग्रासिम 1.87 फीसदी और विप्रो 1.7 फीसदी के फायदे में है. दूसरी ओर इंडसइंड बैंक 3 फीसदी से ज्यादा के नुकसान में है. कोल इंडिया भी 2 फीसदी से ज्यादा गिरा हुआ है. सबसे बड़ा शेयर रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.24 फीसदी की गिरावट है. ओएनजीसी और एक्सिस बैंक भी 1-1 फीसदी से ज्यादा के नुकसान में है.
09:28 AM, 03-Mar-2025

8 दिनों बाद बाजार में दिख रही तेजी

अभी सेंसेक्स और निफ्टी करीब 8 महीने के निचले स्तर के पास कारोबार कर रहे हैं. जून 2024 के पहले सप्ताह के बाद पहली बार सेंसेक्स 74,500 अंक से नीचे गिरा है. इस साल अब तक बीएसई सेंसेक्स 4,898.76 अंक (6.24 फीसदी) गिरा हुआ है, जबकि निफ्टी50 अब तक के हिसाब से 1,490.75 अंक (6.28 फीसदी) के नुकसान में है. पिछले महीने बाजार में गिने-चुने दिन ही तेजी आई थी. पूरे महीने के दौरान सेंसेक्स में 5 दिन और निफ्टी में सिर्फ 3 दिन तेजी आई थी. आज की तेजी से पहले निफ्टी लगातार 8 दिन नुकसान में बंद हो चुका है.
09:27 AM, 03-Mar-2025

पिछले सप्ताह लगभग हर रोज गिरा बाजार

अवकाश से प्रभावित पिछले सप्ताह के दौरान घरेलू बाजार में लगभग हर रोज गिरावट आई. सप्ताह के दौरान बुधवार (26 फरवरी) को महाशिवरात्रि के चलते बाजार में कोई कारोबार नहीं हुआ था. सप्ताह और महीने के अंतिम दिन (28 फरवरी) को वैश्विक दबाव में भारी गिरावट देखी गई थी. उस दिन बीएसई सेंसेक्स 1,414.33 अंक (1.90 फीसदी) गिरकर 73,198.10 अंक पर बंद हुआ था. वहीं एनएसई निफ्टी 420.35 अंक (1.86 फीसदी) गिरकर 22,124.70 अंक पर बंद हुआ था.
09:15 AM, 03-Mar-2025
अर्थव्यवस्था में सुधार के संकेत के बाद घरेलू शेयर बाजार ने आज नए महीने और नए सप्ताह की शुरुआत तेजी के साथ की. सप्ताह के पहले दिन सोमवार को दोनों प्रमुख सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी अच्छी बढ़त के साथ खुले. इससे पहले बाजार के ऊपर लगातार कई दिनों से गिरावट का दबाव बना हुआ था.

सेंसेक्स और निफ्टी ने की इतनी तेजी में शुरुआत

प्री-ओपन सेशन में बाजार आज अचछी तेजी में कारोबार की शुरुआत होने के संकेत दे रहा था. सेंसेक्स 229 अंक से ज्यादा के फायदे में 73,425 अंक के पास और निफ्टी लगभग 70 अंक के फायदे में 22,200 अंक के पास खुलने के संकेत दे रहा था. बीएसई सेंसेक्स ने सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर कारोबार की शुरुआत करीब 230 अंक की तेजी में 73,427.65 अंक पर की. सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर सेंसेक्स 450 अंक के फायदे में 73,650 अंक के पास कारोबार कर रहा था. निफ्टी50 सूचकांक ने करीब 70 अंक की तेजी में 22,194.55 अंक पर कारोबार की शुरुआत की. सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर यह सूचकांक 127 अंक से ज्यादा चढ़कर 22,250 अंक के पार कारोबार कर रहा था.
ये भी पढ़ें: बचत और चालू खाते से दूर भाग रहे बैंकों के ग्राहक, एफडी के प्रति बढ़ रहा रुझान