The Bonus Logo

शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज LIVE: बाजार की सपाट हुई शुरुआत, 22,700 के करीब निफ्टी

बोनस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Subhash Suman Updated Thu, 29 Oct 2026 09:17 AM IST
Stock Market Today Updates (शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज़) LIVE Updates in Hindi
Stock Market Today Updates (शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज़) LIVE Updates in Hindi- Photo : The Bonus

खास बातें

Stock Market Today Updates (शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज) LIVE: बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) में इस सप्ताह अबतक दबाव ही रहा है, जिससे आज गुरुवार को कुछ राहत मिलने के संकेत हैं...

लाइव अपडेट

10:37 AM, 29-Oct-2026
भारत, लिशटेंस्टीन ने आर्थिक भागीदारी समझौते के तहत निवेश अवसरों पर की चर्चा

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को लिशटेंस्टीन के युवराज एलोइस से मुलाकात की. इस दौरान भारत-यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) व्यापार एवं आर्थिक भागीदारी समझौते के तहत आर्थिक संबंध मजबूत करने और निवेश के अवसर तलाशने पर चर्चा हुई. भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, आइसलैंड और लिशटेंस्टीन) के बीच यह समझौता अक्टूबर, 2025 में लागू हुआ था. वाणिज्य मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘बैठक में भारत-ईएफटीए व्यापार एवं आर्थिक भागीदारी समझौते (टीईपीए) के तहत आर्थिक सहयोग मजबूत करने और निवेश के अवसरों को आगे बढ़ाने के उपायों पर बातचीत हुई.’’ समझौते के तहत ईएफटीए देशों ने 15 वर्षों में भारत में 100 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) बढ़ाने और 10 लाख प्रत्यक्ष रोजगार सृजित करने में मदद करने का लक्ष्य रखा है. गोयल ने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को बड़ा और तेजी से बढ़ता घरेलू बाजार, कुशल कार्यबल, प्रतिस्पर्धी विनिर्माण परिवेश और विस्तारित होती वैश्विक मूल्य शृंखलाओं तक पहुंच जैसे लाभ प्रदान करता है.
10:36 AM, 29-Oct-2026
कपड़ा क्षेत्र की पीएलआई योजना के लिए एक नवंबर से आवेदन खुलेंगे

कपड़ा मंत्रालय उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत नए आवेदन स्वीकार करने के लिए एक नवंबर से 31 दिसंबर तक पोर्टल को फिर खोलेगा. सरकार ने बुधवार को यह जानकारी दी. सरकार ने इस योजना के चौथे चरण में श्रेणी-2 के तहत न्यूनतम कारोबार की सीमा 200 करोड़ रुपये से घटाकर 100 करोड़ रुपये कर दी है. इससे सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) और मध्यम आकार की विनिर्माण इकाइयों को योजना में भाग लेने का अधिक अवसर मिलेगा. श्रेणी-2 के तहत न्यूनतम निवेश की सीमा 50 करोड़ रुपये रखी गई है. कपड़ा क्षेत्र की पीएलआई योजना का उद्देश्य मानव-निर्मित रेशे (एमएमएफ) के परिधान, एमएमएफ कपड़े और तकनीकी वस्त्रों के विनिर्माण को बढ़ावा देना है. इसके साथ ही घरेलू विनिर्माण क्षमता बढ़ाने, निवेश आकर्षित करने, रोजगार पैदा करने और वैश्विक कपड़ा मूल्य शृंखला में भारत की स्थिति मजबूत करने पर जोर दिया गया है.
10:35 AM, 29-Oct-2026
गूगल का सितंबर तिमाही का शुद्ध लाभ 26.17 अरब डॉलर, बाजार उम्मीदों से कम

गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट इंक. ने तीसरी तिमाही में राजस्व में मजबूत वृद्धि दर्ज की, लेकिन कंपनी की कमाई वॉल स्ट्रीट की उम्मीदों के अनुरूप नहीं रही है. इसके बाद बुधवार को कंपनी का शेयर करीब नौ प्रतिशत टूट गया. कैलिफोर्निया के माउंटेन व्यू स्थित कंपनी ने बताया कि जुलाई-सितंबर तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 26.17 अरब डॉलर रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 34.98 अरब डॉलर से कम है. हालांकि, इस दौरान कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 127.58 अरब डॉलर पर पहुंच गया. इसके बावजूद यह विश्लेषकों के 127.97 अरब डॉलर के औसत अनुमान से कम रहा. कंपनी ने प्रति शेयर 2.12 डॉलर की कमाई दर्ज की. तिमाही के नतीजों पर इक्विटी निवेश में 8.7 अरब डॉलर के नुकसान का भी असर पड़ा. रिपोर्ट के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं था कि कंपनी की प्रति शेयर कमाई के आंकड़े की विश्लेषकों के करीब 3.01 डॉलर के अनुमान से सीधे तुलना की जा सकती है या नहीं.
09:20 AM, 29-Oct-2026

शुरुआती कारोबार में दिखी हल्की तेजी

सुबह के सेशन में कारोबार आगे बढ़ने के साथ बाजार में कुछ तेजी आती दिख रही है. सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर सेंसेक्स करीब 120 अंक ऊपर 73,365 अंक के पास कारोबार कर रहा था. वहीं एनएसई निफ्टी करीब 37 अंक की तेजी में 22,735 अंक के पास कारोबार कर रहा था.
09:19 AM, 29-Oct-2026

एशियाई बाजारों (Asian Stocks Market) में सुबह उठापटक

जापानी बाजार में प्रमुख सूचकांक निक्की 225 (Nikkei) करीब 250 अंक (0.39 फीसदी) की हल्की तेजी लेकर 64,205 अंक पर कारोबार कर रहा था. वहीं टॉपिक्स इंडेक्स (Topix) 0.18 फीसदी के नुकसान में दिख रहा था. दक्षिण कोरिया के बाजार में कोस्पी (Kospi) 2.35 फीसदी के नुकसान में कारोबार कर रहा था. छोटे शेयरों वाले कोस्डैक में भी 3.08 फीसदी की गिरावट देखी जा रही थी. हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.36 फीसदी की तेजी में कारोबार कर रहा था.
09:18 AM, 29-Oct-2026

अमेरिकी बाजार में तीसरे दिन भी जारी रही तेजी

भारतीय समय के अनुसार, देर रात बुधवार का कारोबार समाप्त होने के बाद डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones) 97.53 अंक (0.19 फीसदी) की तेजी के साथ 52,475.10 अंक पर बंद हुआ. यह अब भी अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 2,000 अंक दूर है. 6 अगस्त को डाउ जोन्स ने 54,349.12 अंक का सर्वकालिक उच्च स्तर बनाया था. वहीं एसएंडपी 500 सूचकांक (S&P 500) 21.38 अंक (0.28 फीसदी) की बढ़त लेकर 7,743.98 अंक पर बंद हुआ. 6 अक्टूबर को एसएंडपी 500 सूचकांक ने 7,818.93 अंक का नया रिकॉर्ड उच्च स्तर बनाया था. यह इतिहास में पहली बार हुआ था, जब यह सूचकांक 7,800 अंक के स्तर से ऊपर बंद हुआ. एसएंडपी 500 ने इस साल अब तक 29 बार नया क्लोजिंग हाई बनाया है. टेक शेयरों की प्रधानता वाला अमेरिकी शेयर सूचकांक नास्डैक कंपोजिट (Nasdaq) 0.27 फीसदी चढ़कर 26,549.85 अंक पर बंद हुआ. पिछले सप्ताह के अंतिम कारोबार में यह 26,000 अंक के स्तर से नीचे लुढ़क गया था. उससे पहले 6 अक्टूबर को 27,604.74 अंक का रिकॉर्ड उच्च स्तर बनाया था.
09:14 AM, 29-Oct-2026

निफ्टी में आज के लिए ट्रेडिंग की स्ट्रैटेजी

09:14 AM, 29-Oct-2026

Stock/Share Market Today News LIVE on 29 October 2026: बाजार खुलने से पहले मिले ऐसे संकेत

भारतीय बाजार में आज पहले से कारोबार की दबाव में शुरुआत होने के संकेत दिख रहे थे. बाजार में कारोबार की शुरुआत से पहले सुबह गुजरात के गिफ्ट सिटी में निफ्टी का वायदा यानी गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) पुराने स्तर से ऊपर चढ़ा हुआ था. यह सुबह के सेशन में 30.50 अंक (0.13 फीसदी) की तेजी लेकर 22,763.50 अंक के स्तर पर दिख रहा था. लेकिन बाद में यह 47 अंक (0.21 फीसदी) गिरकर 22,686 अंक पर आ चुका था. गिफ्ट निफ्टी का यह रुझान बता रहा था कि भारतीय बाजार में आज भी कारोबार की शुरुआत दबाव में हो सकती है. प्री-ओपन सेशन में भी बाजार का रुख दबाव वाला था. प्री-ओपन सेशन में सेंसेक्स पुराने स्तर से महज 22 अंक ऊपर 73,268 अंक के पास कारोबार शुरू करने के संकेत दे रहा था. वहीं दूसरी ओर निफ्टी करीब 8 अंक नीचे 22,690 अंक के पास खुलने का इशारा दे रहा था.
07:40 AM, 29-Oct-2026
शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज LIVE: वैश्विक बाजारों में उठापटक के बीच घरेलू शेयर बाजार ने आज कारोबार की लगभग स्थिर शुरुआत की. आज गुरुवार की सुबह के 9 बजकर 15 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स (Sensex) ने मामूली 22.44 अंक (0.03 फीसदी) के लाभ में 73,268.47 अंक पर कारोबार की शुरुआत की. वहीं निफ्टी (Nifty) महज 8.20 अंक (0.036 फीसदी) नीचे 22,690.65 अंक पर खुला.

एक दिन पहले घरेलू बाजार में बुधवार को गिरावट देखी गई थी. उठापटक से भरे कारोबार के बाद दोनों प्रमुख सूचकांकों बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी ने कारोबार को पुराने स्तर से नीचे बंद किया था. सप्ताह के तीसरे दिन का कारोबार बंद होने के बाद बीएसई सेंसेक्स 352.64 अंक (0.48 फीसदी) कमजोर होकर 73,246.03 अंक पर आ गया था. इसी तरह एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 50.90 अंक (0.22 फीसदी) की गिरावट लेकर 22,698.85 अंक पर रहा था. उससे पहले मंगलवार को बीएसई सेंसेक्स में मामूली 8.08 अंक (0.011 फीसदी) की और निफ्टी 50 इंडेक्स में महज 3.45 अंक (0.015 फीसदी) की गिरावट आई थी. उससे पहले सोमवार को इस सप्ताह की अच्छी शुरुआत हुई थी. सप्ताह के पहले कारोबार में दोनों प्रमुख सूचकांक लगातार 4 दिनों से चली आ रही गिरावट को थामने में कामयाब रहे थे. सोमवार को सेंसेक्स में 482.92 अंक (0.66 फीसदी) की और निफ्टी 50 इंडेक्स में 153.20 अंक (0.68 फीसदी) की तेजी आई थी.