The Bonus Logo

शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज LIVE: Sensex में 600 अंक से ज्यादा की गिरावट, Nifty 22,450 के नीचे

बोनस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Subhash Suman Updated Fri, 23 Oct 2026 09:20 AM IST
Stock Market Today Updates (शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज़) LIVE Updates in Hindi
Stock Market Today Updates (शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज़) LIVE Updates in Hindi- Photo : The Bonus

खास बातें

Stock Market Today Updates (शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज) LIVE: बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) में इस सप्ताह अब तक हर रोज गिरावट आई है. हालांकि आज बाजार में रिकवरी के संकेत हैं...

लाइव अपडेट

12:51 PM, 23-Oct-2026

ल्यूपिन ने ब्रायन सैवेज को अध्यक्ष, मुख्य विधि अधिकारी किया नियुक्त

वैश्विक दवा कंपनी ल्यूपिन लिमिटेड ने ब्रायन सैवेज को अध्यक्ष और मुख्य विधि अधिकारी नियुक्त करने की शुक्रवार को घोषणा की. ल्यूपिन ने बयान में कहा कि सैवेज न्यू जर्सी में रहकर काम करेंगे और कंपनी के वैश्विक कानूनी, अनुपालन तथा बौद्धिक संपदा प्रबंधन समूह (आईपीएमजी) के कार्यों का नेतृत्व करेंगे. ल्यूपिन की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विनिता गुप्ता और प्रबंध निदेशक नीलेश गुप्ता ने बयान में कहा, दवा उद्योग के परिदृश्य की उनकी गहरी समझ, व्यापक कानूनी विशेषज्ञता और नेतृत्व का प्रमाणित अनुभव हमारे संचालन ढांचे को मजबूत करने, बदलते नियामकीय माहौल से तालमेल बैठाने तथा दीर्घकालिक वृद्धि की महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने में मूल्यवान साबित होगा.
12:48 PM, 23-Oct-2026
बेंगलुरु में कारोबारी सम्मेलन में पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा कि, भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी संयुक्त उद्यमों में बदलनी चाहिए. भारत-पोलैंड को पारंपरिक व्यापार से आगे बढ़कर प्रौद्योगिकी, कृत्रिम मेधा (एआई) और वैमानिकी क्षेत्र में सहयोग गहरा करना चाहिए.
12:44 PM, 23-Oct-2026

शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज LIVE: Sensex में 600 अंक से ज्यादा की गिरावट, Nifty 22,450 के नीचे

12:41 PM, 23-Oct-2026
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ वैश्विक स्तर पर एक करोड़ से अधिक आवेदन पाने वाला पहला सार्वजनिक निर्गम बना : सूत्र
12:08 PM, 23-Oct-2026

ऑयल इंडिया को उथले समुद्री क्षेत्र में मिली प्राकृतिक गैस

सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) को कृष्णा-गोदावरी बेसिन के उथले समुद्री क्षेत्र में एक ब्लॉक में प्राकृतिक गैस मिली है. कंपनी ने हाल में खोजे गए छोटे क्षेत्रों (डीएसएफ) की बोली प्रक्रिया के दौरान यह ब्लॉक हासिल किया था. कंपनी ने शुक्रवार को बयान में कहा कि यह गैस भारत के पूर्वी तट के पास कृष्णा-गोदावरी बेसिन में मत्स्यपुरी ‘फॉर्मेशन’ में मिली, जिसका पहले कभी मूल्यांकन नहीं किया गया था. इस दौरान परीक्षण में अधिकतम 2,00,000 मानक घन मीटर प्रतिदिन (एससीएमडी) गैस प्रवाह दर्ज किया गया. ओआईएल ने कहा कि यह खोज केजी-डीएसएफ/जीएसकेडब्ल्यू/2018 नाम के उथले समुद्री अपतटीय ब्लॉक में गोदावरी-1 आकलन कुएं में हुई. इसमें 16 अक्टूबर, 2026 को 2,024-2,027 मीटर की गहराई पर हाइड्रोकार्बन युक्त क्षेत्र का परीक्षण शुरू किया गया था.
10:33 AM, 23-Oct-2026
इस्पात पर कार्बन कर लगाकर यूरोपीय संघ खुद के लिए मुसीबत मोल ले रहा है: पीयूष गोयल 

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि यूरोपीय संघ (ईयू) अपने इस्पात उत्पादों पर कार्बन कर लगाकर अपने लिए मुसीबत मोल ले रहा है. बर्लिन ग्लोबल डायलॉग में उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ लगातार नए नियम और प्रतिबंध लागू करके तथा अपनी सीमाएं बंद करके खुद अपनी आर्थिक संभावनाओं को नुकसान पहुंचा रहा है. उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार ने यूरोपीय देशों को विकसित अर्थव्यवस्थाएं बनने में मदद की थी. गोयल ने कहा, ‘‘आप अपने ऊपर कार्बन सीमा समायोजन तंत्र (सीबीएएम) लागू करते हैं. अपने देश में इस्पात के आयात पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाते हैं. आप अपने लिए मुसीबत मोल ले रहे हैं. इससे आपकी जीवन-यापन की लागत बढ़ेगी.’’
10:32 AM, 23-Oct-2026
भारत में कारोबार का माहौल स्थिर और भरोसेमंद: पीयूष गोयल 

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को वैश्विक निवेशकों को भरोसा दिलाया कि भारत में कारोबार के लिए स्थिर और भरोसेमंद माहौल है. उन्होंने कहा कि भारत में निवेश करने, काम करने और कारोबार बढ़ाने वालों को अन्य देशों जैसी अनिश्चितता का सामना नहीं करना पड़ता. यहां बर्लिन ग्लोबल डायलॉग में उन्होंने कहा कि आज दुनिया बंटी हुई है और भरोसा एक दुर्लभ चीज बन गया है. हालांकि, उन्होंने कहा कि भारत सभी निवेशकों, कारोबारियों और व्यापारियों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करता है. पीयूष गोयल ने कहा कि मैं यहां मौजूद और अन्य सभी लोगों को भरोसा दिला सकता हूं कि भारत में निवेश करने, काम करने और कारोबार बढ़ाने के साथ-साथ बड़े कारोबारी समूह खड़े करने वालों के साथ ऐसा नहीं होगा कि वे एक दिन अचानक गायब हो जाएं और फिर जापान के किसी विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में सामने आएं. मंत्री ने किसी का नाम नहीं लिया. हालांकि, उनकी यह टिप्पणी अलीबाबा के सह-संस्थापक जैक मा के संदर्भ में थी. खबरों के मुताबिक, चीन के वित्तीय नियामकों की आलोचना करने के बाद जैक मा 2020 में कई महीनों तक सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए थे. बाद में उन्हें तोक्यो विश्वविद्यालय से संबद्ध तोक्यो कॉलेज में अतिथि प्रोफेसर नियुक्त किया गया था.
10:31 AM, 23-Oct-2026
सरकार ने शुल्क मुक्त कच्ची चीनी के आयात की समयसीमा 31 दिसंबर तक बढ़ाई

सरकार ने त्योहारों के दौरान घरेलू आपूर्ति बढ़ाने के लिए शुल्क दर कोटा (टीआरक्यू) के तहत 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क मुक्त आयात की समयसीमा बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी है. वित्त मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, आयात की समयसीमा बढ़ाकर 31 दिसंबर, 2026 कर दी गई है. सरकार ने 20 अगस्त को 31 अक्टूबर तक 10 लाख टन कच्ची चीनी के आयात की अनुमति दी थी. उद्योग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक करीब 2.6 लाख टन चीनी का आयात किया गया है. उद्योग जगत के सूत्रों ने कहा कि कीमतों में समानता नहीं होने के कारण आयात सीमित रहा है. समयसीमा बढ़ाने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जब भी अंतरराष्ट्रीय कीमतें इतनी कम हों कि आयात व्यावहारिक हो सके, तब आपूर्ति हासिल की जा सके.
09:21 AM, 23-Oct-2026

शुरुआती तेजी होने लगी गायब

सुबह के सेशन में कारोबार आगे बढ़ने के साथ बाजार में तेजी सीमित दिख रही है. सुबह 9 बजकर 22 मिनट पर सेंसेक्स करीब 285 अंक ऊपर 73,535 अंक के पास कारोबार कर रहा था. वहीं एनएसई निफ्टी महज 30 अंक की बढ़त में 22,715 अंक के पास कारोबार कर रहा था.
09:20 AM, 23-Oct-2026

एशियाई बाजारों (Asian Stocks Market) में भी तेज गिरावट

जापानी बाजार में प्रमुख सूचकांक निक्की 225 (Nikkei) करीब 1,200 अंक (1.89 फीसदी) की गिरावट लेकर 61,715 अंक के करीब कारोबार कर रहा था. वहीं टॉपिक्स इंडेक्स (Topix) 2.13 फीसदी के नुकसान में दिख रहा था. दक्षिण कोरिया के बाजार में कोस्पी (Kospi) 1.37 फीसदी की गिरावट में कारोबार कर रहा था. छोटे शेयरों वाले कोस्डैक में भी 2.38 फीसदी की गिरावट देखी जा रही थी. हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.17 फीसदी की हल्की बढ़त में कारोबार कर रहा था.
09:20 AM, 23-Oct-2026

वॉल स्ट्रीट (Wall Street) पर देर रात आई बड़ी गिरावट

भारतीय समय के अनुसार, देर रात गुरुवार का कारोबार समाप्त होने के बाद डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones) मामूली 11.89 अंक (0.02 फीसदी) की तेजी के साथ 52,867.98 अंक पर बंद हुआ. यह अब भी अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 1,500 अंक दूर है. 6 अगस्त को डाउ जोन्स ने 54,349.12 अंक का सर्वकालिक उच्च स्तर बनाया था. वहीं एसएंडपी 500 सूचकांक (S&P 500) 93.74 अंक (1.21 फीसदी) की गिरावट लेकर 7,663.43 अंक पर बंद हुआ. 6 अक्टूबर को एसएंडपी 500 सूचकांक ने 7,818.93 अंक का नया रिकॉर्ड उच्च स्तर बनाया था. यह इतिहास में पहली बार हुआ था, जब यह सूचकांक 7,800 अंक के स्तर से ऊपर बंद हुआ. एसएंडपी 500 ने इस साल अब तक 29 बार नया क्लोजिंग हाई बनाया है. टेक शेयरों की प्रधानता वाला अमेरिकी शेयर सूचकांक नास्डैक कंपोजिट (Nasdaq) 2.6 फीसदी गिरकर 26,008.86 अंक पर बंद हुआ. इसने भी बीते सप्ताह 6 अक्टूबर को 27,604.74 अंक का रिकॉर्ड उच्च स्तर बनाया था.
09:19 AM, 23-Oct-2026

निफ्टी में आज के लिए ट्रेडिंग की स्ट्रैटेजी

09:18 AM, 23-Oct-2026

Stock/Share Market Today News LIVE on 23 October 2026: बाजार खुलने से पहले मिले ऐसे संकेत

भारतीय बाजार में आज पहले से कारोबार की अच्छी शुरुआत होने के संकेत दिख रहे थे. बाजार में कारोबार की शुरुआत से पहले सुबह गुजरात के गिफ्ट सिटी में निफ्टी का वायदा यानी गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) पुराने स्तर से काफी ऊपर था. यह सुबह के सेशन में 154.50 अंक (0.68 फीसदी) की बढ़त लेकर 22,869 अंक के स्तर पर दिख रहा था. गिफ्ट निफ्टी का यह रुझान बता रहा था कि भारतीय बाजार में आज कारोबार की शुरुआत बड़े फायदे में हो सकती है. प्री-ओपन सेशन में भी बाजार का रुख तेजी वाला था. प्री-ओपन सेशन में सेंसेक्स पुराने स्तर से करीब 415 अंक ऊपर 73,665 अंक के पास कारोबार शुरू करने के संकेत दे रहा था. वहीं दूसरी ओर निफ्टी करीब 55 अंक ऊपर 22,740 अंक के पार खुलने का इशारा दे रहा था.
07:35 AM, 23-Oct-2026
शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज LIVE: घरेलू बाजार में इस सप्ताह लगातार दबाव बना हुआ है, लेकिन आज सप्ताह के अंतिम दिन रिकवरी की उम्मीद है. आज शुक्रवार को सुबह के 9 बजकर 15 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स (Sensex) ने 416.25 अंक (0.57 फीसदी) के लाभ में 73,665.64 अंक पर कारोबार की शुरुआत की. वहीं निफ्टी (Nifty) 54.55 अंक (0.24 फीसदी) चढ़कर 22,742.20 अंक पर खुला.

घरेलू बाजार के लिए अवकाश से प्रभावित यह सप्ताह अब तक बहुत बुरा सिद्ध हुआ है. अभी तक इस सप्ताह बाजार में 3 दिनों का कारोबार हुआ है और बाजार तीनों ही दिन नुकसान में रहा है. एक दिन पहले गुरुवार को सप्ताह के चौथे दिन का कारोबार समाप्त होने के बाद बीएसई सेंसेक्स 460.30 अंक यानी 0.62 फीसदी की गिरावट लेकर 73,249.39 अंक पर बंद हुआ. वहीं एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 123.70 अंक यानी 0.54 फीसदी के नुकसान में 22,687.65 अंक पर रहा था. उससे पहले बुधवार को सेंसेक्स में 143.21 अंक यानी 0.19 फीसदी की और निफ्टी 50 में 77.60 अंक यानी 0.34 फीसदी की गिरावट आई थी. सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को कोई कारोबार नहीं हुआ था. दशहरा/दुर्गापूजा के मौके पर सप्ताह के दूसरे दिन बीएसई और एनएसई में अवकाश रहा था. वहीं सोमवार को बाजार ने नुकसान के साथ सप्ताह की शुरुआत की थी. सप्ताह के पहले दिन सेंसेक्स 876.38 अंक यानी 1.17 फीसदी के और निफ्टी 50 इंडेक्स 257.20 अंक यानी 1.11 फीसदी के नुकसान में रहा था.