The Bonus Logo

शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज LIVE: बाजार में तेज गिरावट, सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा फिसला, 24850 के नीचे निफ्टी

बोनस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Subhash Suman Updated Mon, 09 Nov 2026 09:20 AM IST
Stock Market Today Updates (शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज़) LIVE Updates in Hindi
Stock Market Today Updates (शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज़) LIVE Updates in Hindi- Photo : The Bonus

खास बातें

Stock Market Today Updates (शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज) LIVE: बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) में बीते दिनों जबरदस्त रैली देखने को मिली है. हालांकि रविवार को मुहूर्त की शुरुआत नुकसान में हुई...

लाइव अपडेट

01:23 PM, 09-Nov-2026
घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को दोपहर के कारोबार में गिरावट तेज होती दिखी. 1 बजकर 20 मिनट पर सेंसेक्स 435.19 अंक यानी 0.54 फीसदी की गिरावट के साथ 80,564.21 अंक पर, जबकि निफ्टी 50 भी 133.45 अंक (0.53 फीसदी) फिसलकर 24,852.95 अंक पर कारोबार कर रहा था. इससे पहले, निफ्टी 24,838.75 अंक तक नीचे गया.
12:24 PM, 09-Nov-2026
रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 24 पैसे चढ़कर 93.74 प्रति डॉलर पर पहुंच गया. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, विदेशी पूंजी के बेहतर प्रवाह और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों से निवेशकों की धारणा को समर्थन मिला. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया करीब 93.85 प्रति डॉलर पर खुला. फिर बढ़त हासिल करते हुए 93.74 प्रति डॉलर तक पहुंच गया जो पिछले कारोबारी सत्र के बंद भाव से 24 पैसे अधिक है.
12:23 PM, 09-Nov-2026
वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बीच वायदा कारोबार में चांदी की कीमत सोमवार को 3,803 रुपये बढ़कर 1,88,903 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंधों का भाव 3,803 रुपये बढ़कर 1,88,903 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया. इस दौरान 1,417 लॉट का कारोबार हुआ.
12:21 PM, 09-Nov-2026
मजबूत हाजिर मांग के बीच सटोरियों के नए सौदे करने से वायदा कारोबार में सोने की कीमत सोमवार को 1,801 रुपये बढ़कर 1,44,353 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर में आपूर्ति वाले सोने के अनुबंधों का भाव 1,801 रुपये यानी 1.26 प्रतिशत बढ़कर 1,44,353 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया. इस दौरान 1,007 लॉट का कारोबार हुआ.
12:21 PM, 09-Nov-2026
ब्लूस्टोन ज्वेलरी एंड लाइफस्टाइल लिमिटेड का एक अक्टूबर से आठ नवंबर के बीच कारोबार सालाना आधार पर 45 प्रतिशत बढ़ा. इस अवधि में धनतेरस और दिवाली जैसे त्योहार भी शामिल हैं. कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि कारोबार में यह वृद्धि मुख्य रूप से खरीदारों की संख्या बढ़ने से हुई, जबकि औसत प्राप्ति पिछले साल की समान अवधि के स्तर पर ही रही.
12:19 PM, 09-Nov-2026
घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को उतार-चढ़ाव का रुख देखा जा रहा है. शुरू में सेंसेक्स-निफ्टी बढ़त के साथ खुले और फिर नीचे आ गए. 12 बजकर 15 मिनट पर सेंसेक्स 207.93 अंक यानी 0.26 फीसदी की गिरावट के साथ 80,791.47 अंक पर, जबकि निफ्टी 50 भी 52.30 अंक (0.21 फीसदी) फिसलकर 24,934.10 अंक पर कारोबार कर रहा था. 11:30 बजे के करीब सेंसेक्स हरे निशान में आया था और करीब 81,800 अंक तक चढ़ा था. हालांकि, यह बढ़त ज्यादा देर बरकरार नहीं रह सकी. 
09:25 AM, 09-Nov-2026

शुरुआती कारोबार में बना बाजार पर दबाव

सुबह के सेशन में कारोबार आगे बढ़ने के साथ बाजार पर दबाव बनता दिख रहा है. सुबह 9 बजकर 25 मिनट पर सेंसेक्स 160 अंक की गिरावट लेकर 80,840 अंक के पास कारोबार कर रहा था. शुरुआती मिनटों में यह इंडेक्स 81,340 अंक तक चढ़ा था. वहीं एनएसई निफ्टी करीब 45 अंक नीचे 24,940 अंक के पास कारोबार कर रहा था. इससे पहले निफ्टी एक समय 25,085 अंक तक चढ़ा था.
09:24 AM, 09-Nov-2026

एशियाई बाजारों (Asian Stocks Market) में तेजी

भारतीय समय के हिसाब से सुबह के 7:40 बजे जापानी बाजार में प्रमुख सूचकांक निक्की 225 (Nikkei) करीब 1,840 अंक (3.20 फीसदी) की शानदार बढ़त लेकर 59,270 अंक के पार कारोबार कर रहा था. वहीं टॉपिक्स इंडेक्स (Topix) 3.43 फीसदी के फायदे में दिख रहा था. दक्षिण कोरिया के बाजार में कोस्पी (Kospi) 1.02 फीसदी के लाभ में कारोबार कर रहा था. छोटे शेयरों वाले कोस्डैक में भी 0.30 फीसदी की हल्की तेजी देखी जा रही थी. हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.52 फीसदी की बढ़त में कारोबार कर रहा था.
09:19 AM, 09-Nov-2026

निफ्टी में आज के लिए ट्रेडिंग की स्ट्रैटेजी

09:19 AM, 09-Nov-2026

Stock/Share Market Today News LIVE on 09 November 2026: बाजार खुलने से पहले मिले ऐसे संकेत

भारतीय बाजार में आज पहले से कारोबार की अच्छी शुरुआत होने के संकेत दिख रहे थे. बाजार में कारोबार की शुरुआत से पहले सुबह गुजरात के गिफ्ट सिटी में निफ्टी का वायदा यानी गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) पुराने स्तर से ऊपर चढ़ा हुआ था. यह सुबह के सेशन में 97 अंक (0.39 फीसदी) की तेजी लेकर 25,089 अंक के स्तर पर दिख रहा था. गिफ्ट निफ्टी का यह रुझान बता रहा था कि भारतीय बाजार में आज कारोबार की शुरुआत तेजी के साथ हो सकती है. प्री-ओपन सेशन में बाजार का रुख तेजी वाला ही था. प्री-ओपन सेशन में सेंसेक्स पुराने स्तर से करीब 330 अंक ऊपर 81,330 अंक के पास कारोबार शुरू करने के संकेत दे रहा था. वहीं दूसरी ओर निफ्टी लगभग 90 अंक ऊपर 25,075 अंक के पास खुलने का इशारा दे रहा था.
07:53 AM, 09-Nov-2026
शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज LIVE: एशियाई बाजारों में लौटी तेजी के बीच घरेलू शेयर बाजार ने आज सप्ताह के पहले दिन कारोबार की अच्छी शुरुआत की. आज सोमवार की सुबह के 9 बजकर 15 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स (Sensex) ने 327.89 अंक (0.40 फीसदी) की बढ़त के साथ 81,327.29 अंक पर कारोबार की शुरुआत की. वहीं निफ्टी (Nifty) 90 अंक (0.36 फीसदी) ऊपर 25,076.40 अंक पर खुला.

घरेलू शेयर बाजार के लिए बीता सप्ताह शानदार साबित हुआ था. बीते सप्ताह के दौरान पांचों कारोबार में बाजार मजबूत हुआ और इस तरह बाजार को करीब 6 साल की सबसे बड़ी साप्ताहिक बढ़त हासिल हुई. हालांकि रविवार को दीपावली के मौके पर हुए एक घंटे के खास मुहूर्त कारोबार में दोनों प्रमुख सूचकांकों बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी को हल्की गिरावट का सामना करना पड़ा. इस तरह घरेलू बाजार की लगातार 7 दिनों की तेजी पर ब्रेक लग गया.

हर साल दीपावली के दिन बाजार में एक घंटे का खास मुहूर्त कारोबार होता है. इस बार दीपावली का दिन रविवार था. इस कारण रविवार को भी बाजार स्पेशल ट्रेडिंग सेशन के लिए खुला. सेशन की शुरुआत पॉजिटिव नोट पर ही हुई, लेकिन बाद में बाजार ने तेजी खो दी और लाल निशान में बंद हुआ. मुहूर्त सत्र समाप्त होने के बाद रविवार को बीएसई सेंसेक्स 28.62 अंक यानी 0.04 फीसदी गिरकर 80,999.40 अंक पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 50 इंडेक्स 43.95 अंक यानी 0.18 फीसदी टूटकर 24,986.40 अंक पर आ गया.

मुहूर्त ट्रेडिंग से पहले भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली थी. उससे पहले के 7 कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 10-10 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई थी. 6 नवंबर यानी संवत 2082 के आखिरी ट्रेडिंग सत्र में सेंसेक्स 1,718.01 अंक यानी 2.17 फीसदी की तेजी के साथ 81,028.02 अंक पर बंद हुआ था. वहीं, निफ्टी 493.75 अंक यानी 2.01 फीसदी चढ़कर 25,030.35 पर पहुंच गया था. दोनों सूचकांकों ने लगातार 7 कारोबारी सत्रों में बढ़त दर्ज की थी. यह प्री-दिवाली तेजी पिछले कई दशकों में सबसे मजबूत तेजी में से एक रही. लगातार सात सत्रों में, सेंसेक्स 7,781.99 अंक यानी 10.62 फीसदी उछला था. इसी तरह निफ्टी में 2,331.5 अंक यानी 10.27 फीसदी की तेजी आई थी. पिछले संवत वर्ष 2082 में सेंसेक्स 3,398.32 अंक यानी 4 फीसदी टूटा था, जबकि निफ्टी में 838.25 अंक यानी 3.24 फीसदी की गिरावट आई थी.