The Bonus Logo

शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज LIVE: गिरावट के साथ बाजार बंद, Sensex 876 अंक टूटा, Nifty 22,888.95 अंक पर क्लोज

बोनस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pawan Pandey Updated Mon, 19 Oct 2026 09:23 AM IST
Stock Market Today Updates (शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज़) LIVE Updates in Hindi
Stock Market Today Updates (शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज़) LIVE Updates in Hindi- Photo : The Bonus

खास बातें

Business News in Hindi Live Update: घरेलू शेयर बाजार (Share Market) में सोमवार को सप्ताह के पहले दिन. सेंसेक्स (Sensex) 120 अंक और निफ्टी (Nifty) ने 23150 के ऊपर शुरुआत की. हालाकिं, शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है.

लाइव अपडेट

03:36 PM, 19-Oct-2026

शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज LIVE: गिरावट के साथ बाजार बंद, Sensex 876 अंक टूटा, Nifty 22,888.95 अंक पर क्लोज

कारोबारी सत्र के पहले दिन सोमवार 19 अक्टूबर 2026 को बीएसई सेंसेक्स 876.37 अंक या 1.17 फीसदी की गिरावट के साथ 73,852.90 अंक पर व एनएसई निफ्टी 257.20 अंक या 1.11 फीसदी टूटकर 22,888.95 अंक पर क्लोज हुआ. अमेरिकी डॉलर (US Dollar) के मुकाबले रुपया (Indian Rupee) 3 पैसे गिरकर 94.92 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ.

03:29 PM, 19-Oct-2026

मंगलम वर्ल्डवाइड का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 31 प्रतिशत बढ़कर 13 करोड़ रुपये

स्टेनलेस स्टील बनाने वाली कंपनी मंगलम वर्ल्डवाइड लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 30.9 प्रतिशत बढ़कर 13.82 करोड़ रुपये रहा है. कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही 10.55 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था. मंगलम वर्ल्डवाइड ने सोमवार को बयान में कहा कि दूसरी तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 361 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 319 करोड़ रुपये थी. कंपनी ने कहा कि 30 से अधिक देशों में मौजूदगी के कारण निर्यात उसके कारोबार की वृद्धि में योगदान देता रहा. चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसका निर्यात राजस्व 63.86 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले 3.55 गुना है.
03:11 PM, 19-Oct-2026

भारत अंतरराष्ट्रीय चावल सम्मेलन में 2,038 कारोबारी बैठकें निर्धारित

भारत अंतरराष्ट्रीय चावल सम्मेलन (बीआईआरसी) में खरीदारों के साथ 2,038 कारोबारी बैठकें निर्धारित की गई हैं. भारत का चावल उद्योग वैश्विक कीमतों और मांग में बदलाव के बीच अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ कारोबारी संबंधों का विस्तार करने की कोशिश कर रहा है. आयोजकों ने बयान में कहा कि भारतीय चावल निर्यातक महासंघ (आईआरईएफ) की ओर से नयी दिल्ली के भारत मंडपम में तीन दिवसीय सम्मेलन 23 से 25 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा. इसमें 150 से अधिक देशों के खरीदारों ने पंजीकरण कराया है. कुल 4,649 पंजीकरण हुए हैं जिनमें कुवैत, दक्षिण अफ्रीका, बेनिन, नाइजीरिया, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और सऊदी अरब के खरीदार शामिल हैं.
03:11 PM, 19-Oct-2026

इंजीनियरिंग निर्यात चालू वित्त वर्ष में रिकॉर्ड 150 अरब डॉलर पर पहुंचने की उम्मीद: ईईपीसी चेयरमैन

देश का इंजीनियरिंग निर्यात चालू वित्त वर्ष में बढ़कर रिकॉर्ड 150 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंचने की उम्मीद है. इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद (ईईपीसी) के चेयरमैन पंकज चड्ढा ने सोमवार को यह जानकारी दी. चड्ढा ने कहा कि अमेरिका जैसे बाजारों में इंजीनियरिंग उत्पादों के निर्यात में अच्छी वृद्धि दर्ज की जा रही है. उन्होंने कहा, पिछले वित्त वर्ष में निर्यात 122 अरब डॉलर था और चालू वित्त वर्ष में इसके रिकॉर्ड 150 अरब डॉलर पर पहुंचने की उम्मीद है. ईईपीसी के चेयरमैन ने कहा कि लोहा एवं इस्पात तथा इनके उत्पादों और मशीनरी जैसे क्षेत्रों का निर्यात बढ़ने से कुल इंजीनियरिंग निर्यात को बढ़ावा मिलेगा. देश का इंजीनियरिंग निर्यात चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-सितंबर छमाही में करीब 20 प्रतिशत बढ़कर 70.87 अरब डॉलर रहा है.
02:35 PM, 19-Oct-2026

एचएफसीएल का जुलाई-सितंबर तिमाही में शुद्ध लाभ कई गुना होकर 394 करोड़ रुपये

दूरसंचार उपकरण बनाने वाली घरेलू कंपनी एचएफसीएल का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ कई गुना होकर 394.22 करोड़ रुपये हो गया. कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि कृत्रिम मेधा (एआई) डेटा केंद्रों से ऑप्टिकल फाइबर केबल की मांग बढ़ने से उसके लाभ में यह वृद्धि दर्ज की गई. वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में कंपनी ने करीब 72 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था. एचएफसीएल के प्रबंध निदेशक महेंद्र नाहटा ने बयान में कहा, यह कंपनी के इतिहास में अब तक का सर्वश्रेष्ठ तिमाही प्रदर्शन है और हमारी विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है. ये नतीजे हमारे कारोबार के बढ़ते पैमाने, मजबूती और गति को दर्शाते हैं. साथ ही, इनसे हितधारकों के लिए निरंतर वृद्धि और दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने की एचएफसीएल की क्षमता पर हमारा भरोसा मजबूत होता है. 
02:29 PM, 19-Oct-2026

शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज LIVE: Sensex में 1000 अंक से ज्यादा की गिरावट, Nifty 22,850 के नीचे

02:28 PM, 19-Oct-2026

जियोहॉटस्टार ने नेपाल में रखा कदम, डीजीओ के साथ की साझेदारी

जियोहॉटस्टार ने अपने वैश्विक विस्तार को आगे बढ़ाते हुए नेपाल में भी अपनी सेवाएं शुरू की हैं. कंपनी ने इसके लिए डीजीओ के साथ साझेदारी की है. ब्रिटेन, कनाडा, सिंगापुर और मेना क्षेत्र (मध्य पूर्व एवं उत्तरी अफ्रीका) में लॉन्च के बाद नेपाल में प्रवेश को कंपनी के अंतरराष्ट्रीय विस्तार की दिशा में एक और अहम कदम माना जा रहा है. नेपाल में दर्शकों को 'भेड़िया', 'ट्वेल्फ्थ फेल' और 'केसरी चैप्टर 2' जैसी फिल्में देखने को मिलेंगी. इसके अलावा 'हुंकार', 'प्रीतम एंड पेड्रो' और 'स्पेशल ऑप्स' जैसे ओरिजिनल शो के साथ 'बिग बॉस', 'कॉफी विद करण' और 'इंडिया का टॉप 1 परसेंट' जैसे लोकप्रिय कार्यक्रम भी उपलब्ध होंगे. इस पेशकश में नेपाली फिल्में और लाइव अंतरराष्ट्रीय खेल भी शामिल हैं. कंपनी की लॉन्च पेशकश के तहत जियोहॉटस्टार के प्लान की कीमत 249 नेपाली रुपये प्रति माह से शुरू होगी. इस पहल का उद्देश्य नेपाल के दर्शकों तक भारतीय सिनेमा और टेलीविजन का कंटेंट पहुंचाना और भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना है.
01:26 PM, 19-Oct-2026

मारुति सुजुकी ने गुरुग्राम में एकीकृत यातायात प्रबंधन प्रणाली का किया विस्तार

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने गुरुग्राम में एकीकृत यातायात प्रबंधन प्रणाली (आईटीएमएस) के विस्तार की सोमवार को घोषणा की. परियोजना के दूसरे चरण में कंपनी शहर की सड़कों के 65 किलोमीटर क्षेत्र में करीब 70 चौराहों पर 1,000 कैमरे और रडार प्रणाली लगाएगी. यह परियोजना मारुति सुजुकी इंडिया की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल का हिस्सा है. इसके तहत कंपनी ने शहर में आईटीएमएस लागू करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और गुरुग्राम पुलिस के साथ साझेदारी की है. इस विस्तार के बाद मारुति सुजुकी की ओर से लगाए गए कैमरों की संख्या बढ़कर 93 चौराहों और 13 प्रमुख सड़क मार्गों पर 1,400 हो जाएगी.
01:25 PM, 19-Oct-2026
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ की ‘एंकर बुक’ को 30 गुना अभिदान; 8,110 करोड़ रुपये के मुकाबले संस्थागत निवेशकों ने 2.5 लाख करोड़ रुपये की बोलियां लगाईं : सूत्र
01:24 PM, 19-Oct-2026

शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज LIVE: Sensex में 900 अंक से ज्यादा की गिरावट, Nifty 22,900 के नीचे

12:50 PM, 19-Oct-2026

मलेशिया एयरलाइंस की मूल कंपनी हरित शुल्क लगाने पर कर सकती है विचार

मलेशिया एयरलाइंस की मूल कंपनी मलेशिया एविएशन ग्रुप के प्रमुख कैप्टन नसरुद्दीन ए बकर ने सोमवार को कहा कि टिकाऊ विमानन ईंधन की ऊंची लागत की भरपाई के लिए यात्रियों पर हरित शुल्क लगाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. इससे हवाई टिकटों की कीमतें और बढ़ सकती हैं. बकर की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब दुनियाभर की विमानन कंपनियां कार्बन उत्सर्जन घटाने की कोशिश कर रही हैं. साथ ही, वे टिकाऊ विमानन ईंधन (एसएएफ) की अत्यधिक लागत और सीमित उपलब्धता की चुनौती से भी जूझ रही हैं. सिंगापुर दुनिया का पहला देश है, जिसने जनवरी 2027 से सरकार की ओर से अनिवार्य हरित विमानन शुल्क लगाने की घोषणा की है.
12:47 PM, 19-Oct-2026

शेयर/स्टॉक मार्केट न्यूज LIVE: Sensex में 700 अंक से ज्यादा की गिरावट, Nifty 22,950 के नीचे

12:46 PM, 19-Oct-2026

फोनपे ने निवेश मंच शेयरडॉटमार्केट को ‘फोनपे इन्वेस्ट’ के रूप में किया पेश

डिजिटल भुगतान एवं वित्तीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी फोनपे ने अपने निवेश एवं कारोबार मंच शेयरडॉटमार्केट को फोनपे इन्वेस्ट के रूप में पेश करने की सोमवार को घोषणा की. इसके साथ ही यह मंच फोनपे ब्रांड के तहत आ गया है. कंपनी ने कहा कि शेयरडॉटमार्केट से फोनपे इन्वेस्ट में बदलाव के जरिये शोध आधारित संपत्ति प्रबंधन सेवाओं को फोनपे के एकीकृत वित्तीय प्रणाली में शामिल किया गया है. इसमें भुगतान, कर्ज और बीमा सेवाएं भी शामिल हैं. इससे कंपनी की संपत्ति प्रबंधन सेवाएं अधिक लोगों तक पहुंच सकेंगी और फोनपे के बड़े एवं विविध उपयोगकर्ता आधार के लिए निवेश करना आसान होगा.
12:45 PM, 19-Oct-2026

‘फोनपे इन्वेस्ट’ आम बचतकर्ताओं को शेयर बाजार से जोड़ेगा : राहुल चारी

डिजिटल भुगतान एवं वित्तीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी फोनपे के संस्थापक एवं मुख्य उत्पाद एवं प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीपीटीओ) राहुल चारी ने कहा कि कंपनी को उसके मंच ‘फोनपे इन्वेस्ट’ के जरिये ऐसे लाखों भारतीयों को शेयर बाजार से जोड़ने का अवसर दिख रहा है जो सोने, सावधि जमा और म्यूचुअल फंड के जरिये बचत करते हैं. उन्होंने कहा कि मंच ‘फोनपे इन्वेस्ट’ पहली बार शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए एक सेतु का काम करेगा. फोनपे ने अपने निवेश एवं कारोबार मंच शेयरडॉटमार्केट का नाम बदलकर फोनपे इन्वेस्ट करने की सोमवार को घोषणा की.
12:44 PM, 19-Oct-2026

जेके अर्बनस्केप्स दार्जिलिंग में लक्जरी रिजॉर्ट बनाने पर करेगी 110 करोड़ रुपये का निवेश

जेके अर्बनस्केप्स डेवलपर्स लिमिटेड दार्जिलिंग में 70 कमरों वाला लक्जरी रिजॉर्ट विकसित करने के लिए वैश्विक आतिथ्य समूह माइनर होटल्स के साथ साझेदारी में 110 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. कंपनी ने सोमवार को बताया कि ‘अनंतारा रिट्रीट दार्जिलिंग हिल्स’ नाम की यह परियोजना 849 एकड़ में फैले तिनधारिया चाय बागान में विकसित की जाएगी. इसके 2031 में खुलने का कार्यक्रम है. इसके साथ ही भारत में ‘अनंतारा रिट्रीट्स’ की शुरुआत होगी. कंपनी ने बताया कि जेके अर्बनस्केप्स यह निवेश कौशल कुंभट के साथ साझेदारी में करेगी. इसमें 35 स्वीट और 35 टेंट विला होंगे.
12:03 PM, 19-Oct-2026
शुरुआती कारोबार में उठापटक के बाद दोपहर का कारोबार शुरू होते ही बाजार एक बार फिर भारी दबाव में दिख रहा है. 12 बजे के करीब BSE सेंसेक्स 705.25 अंक यानी 0.94 फीसदी लुढ़क कर 74,024.02 अंक पर कारोबार करता नजर आया. वहीं, निफ्टी 50 भी 159.30 अंक (0.69 फीसद) फिसलकर 22,986.85 अंक पर कारोबार कर रहा था. 
12:03 PM, 19-Oct-2026
सोमवार को एचडीएफसी बैंक के शेयर में गिरावट देखने को मिली. हालाकिं, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर शेयर की शुरुआत सकारात्मक रही थी, लेकिन तिमाही नतीजों से निवेशक संतुष्ट नहीं हुए. HDFC शेयर बढ़त के साथ 734.90 रुपए पर खुला और यह अभी तक शेयर का आज का सबसे ऊंचा स्तर भी है. इसके बाद से शेयरों में गिरावट आई. कारोबारी सेशन के दौरान शेयर 711.50 रुपए तक नीचे चला गया, जो शुक्रवार के क्लोजिंग प्राइस 728.10 रुपए से करीब 2.3 फीसदी की गिरावट है. 11:45 बजे बैंक शेयर 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ 712.65 रुपए पर कारोबार करता दिखा.
11:09 AM, 19-Oct-2026

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर PC ज्वैलर स्टॉक सुबह में बढ़त के साथ 16.91 रुपए पर खुला. अब तक के कारोबार में ज्वैलरी शेयर 18.46 रुपए तक ऊपर गया. यह शेयर का 52 हफ्ते का नया हाई है और 16.28 रुपए के पिछले क्लोजिंग प्राइस से 13.4 फीसदी की तेजी है. 10 बजकर 55 मिनट पर शेयर 12 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी लेकर 18.35 रुपए पर ट्रेड करता नजर आया. इसी समय NSE निफ्टी 93.60 अंक (0.40 फीसद) की गिरावट लेकर 23,052.55 अंक पर था.

10:32 AM, 19-Oct-2026
घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार में आई तेज गिरावट अब कुछ धीमी पड़ती दिखाई दे रही है. 10 बजकर 30 मिनट पर BSE सेंसेक्स करीब 216 अंक यानी 0.29 फीसदी गिरकर 74,513 के आसपास ट्रेड कर रहा था. वहीं, NSE निफ्टी 49.05 अंक यानी 0.21 फीसद कमजोर होकर 23,097.10 अंक पर था.
10:17 AM, 19-Oct-2026
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर Ixigo Share सुबह में बढ़त के साथ 154.95 रुपए पर खुला. शुरुआती कारोबार में यह ट्रेवल स्टॉक 163.30 रुपए तक ऊपर चला गया, जो शुक्रवार के क्लोजिंग प्राइस 144.35 रुपए से 13.1 फीसदी अधिक है. 10 बजे के करीब शेयर 11 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 160.35 रुपए पर कारोबार करता नजर आया. इसी समय, BSE सेंसेक्स 252.82 अंक यानी 0.34 फीसदी के नुकसान में 74,476.45 अंक पर था. 
09:33 AM, 19-Oct-2026
शुरुआती कारोबार में घरेलू बाजार में गिरावट तेज होती दिखाई दी. सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स (Sensex) 521.30 अंक यानी 0.70 फीसदी के नुकसान में 74,207.97 अंक पर कारोबार कर रहा था. इसी तरह, निफ्टी (Nifty) 157.60 अंक यानी 0.68 फीसद गिरकर 22,988.55 अंक पर आया हुआ था.
09:27 AM, 19-Oct-2026
इस बीच भारतीय शेयर बाजार (Indian Stock Market) के लिए आज हल्की बढ़त में शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं. बाजार खुलने से पहले सुबह गुजरात के गिफ्ट सिटी में निफ्टी का वायदा यानी गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) पिछले बंद स्तर से महज 24.5 अंक ऊपर 23,119 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था. यह बताता है कि भारतीय बाजार (Indian Market) आज कारोबार की शुरुआत पुराने स्तर से थोड़ा ऊपर कर सकते हैं.

09:26 AM, 19-Oct-2026

सुबह के कारोबार में जापानी बाजार में प्रमुख सूचकांक निक्की 225 (Nikkei) 1.39 फीसदी यानी 900 अंक से ज्यादा के नुकसान पर 64,414.86 अंक पर था. टॉपिक्स सूचकांक (Topix) पुराने स्तर से 0.55 फीसदी नीचे 4,043.58 अंक कारोबार कर रहा था. दूसरी ओर, दक्षिण कोरिया का कोस्पी (Kospi) सुबह खुलते ही 0.64 फीसदी गिर गया और 5,631.73 अंक पर आया हुआ था. इसी तरह कोस्डैक (Kosdaq) भी 0.59 फीसदी की गिरावट में 790.08 अंक पर था. 
09:15 AM, 19-Oct-2026
Share Market Live: घरेलू शेयर बाजार (Share Market) ने आज सप्ताह के पहले दिन सोवार को कारोबार की शुरुआत हल्की तेजी के साथ की. सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स (Sensex) 120 अंक के फायदे में 74,849.30 अंक पर खुला, जबकि निफ्टी (Nifty) ने 4.7 अंक ऊपर 23,150.85 अंक पर कारोबार की शुरुआत की. हालांकि, बाजार खुलते ही सेंसेक्स 200 अंक से ज्यादा लुढ़क गया और 74,513 अंक के निचले स्तर तक गया.